---Third party advertisement---

‘जिन्हें लगता है महाकाल की शरण में जाने से पाप धुल जाएंगे, उन्होंने उन्हें जाना नहीं’, विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद शिवराज का ट्वीट

‘जिन्हें लगता है महाकाल की शरण में जाने से पाप धुल जाएंगे, उन्होंने उन्हें जाना नहीं’, विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद शिवराज का ट्वीट

उत्तर प्रदेश के कुख्यात बदमाश विकास दुबे के मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की। शिवराज ने साथ ही कहा कि आगे की जांज के लिए विकास को यूपी पुलिस को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों राज्य मिलकर काम कर रहे हैं।

विकास की गिरफ्तारी के बाद शिवराज ने एक ट्वीट भी किया और कहा कि केवल महाकाल की शरण में जाने से पाप नहीं धूल जाते हैं। शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को ट्वीट किया, ‘जिनको लगता है की महाकाल की शरण में जाने से उनके पाप धूल जाएंगे उन्होंने महाकाल को जाना ही नहीं। हमारी सरकार किसी भी अपराधी को बख्श्ने वाली नहीं है।’

विकास दुबे दरअसल गुरुवार करीब 8.30 बजे उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर से ही पकड़ा गया। उसे महाकाल प्रशासन मंदिर के सुरक्षा में लगे कर्मियों और कुछ अन्य लोगों ने पहचाना। बाद में पूछे जाने पर उसने खुद ही खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। विकास दुबे पर कानपुर में पिछले हफ्ते 8 पुलिसकर्मियों की हत्या की साजिश का आरोप है। उसने ये खूनी खेल तब खेला जब पुलिस कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में उसके घर जा रही थी।

पिछले 2 जुलाई की रात की इस घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। उस पर पुलिस ने पहले 50 हजार फिर एक लाख और फिर ढाई लाख रुपये का इनाम रखा था। बाद में बुधवार को इसे बढ़ाकर 5 लाख रुपये तक कर दिया गया। इससे पहले गुरुवार सुबह विकास के दो और गुर्गे पुलिस द्वारा मारे गए।

इनामी बदमाश प्रवीण उर्फ बाबा दुबे को इटावा में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। वहीं एक अन्य साथी कानपुर में मारा गया। कानपुर में मारे गए शख्स का नाम प्रभात मिश्रा था और पुलिस की हिरासत में था। पुलिस के अनुसार वह भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान मुठभेड़ में मारा गया।

विकास कोटा से सड़क रास्ते से पहुंचा था उज्जैन

विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद ये बात सामने आ रही है कि विकास दुबे एक फर्जी आईडी का लगातार इस्तेमाल कर रहा था। वह राजस्थान के कोटा से सड़क के रास्ते उज्जैन पहुंचा था। इससे पहले विकास दुबे को हरियाणा के फरीदाबाद में देखा गया था। हालांकि, वो यहां पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। इससे पूर्व पुलिस ने बुधवार को भी विकास के बेहद करीबी अमर दुबे को हमीरपुर में एक मुठभेड़ में मार गिराया था।

Post a Comment

0 Comments